Monday, August 24, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

खतरे को न्योता: उफनती लीलागर नदी में बाइक समेत बहे दो युवक, स्थानीय लोगों ने बचाई जान

बिलासपुर। बारिश के बीच उफनती नदी को पार करने की कोशिश दो युवकों के लिए जानलेवा साबित होते-होते बची। मल्हार क्षेत्र में गुरुवार दोपहर लीलागर नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ था और एनिकट के ऊपर करीब दो फीट पानी तेज बहाव के साथ बह रहा था। इसके बावजूद दो युवक एक ही बाइक पर सवार होकर एनिकट पार करने की कोशिश करने लगे।

मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों युवकों को खतरे से आगाह करते हुए वापस लौटने की सलाह दी, लेकिन उन्होंने चेतावनी को नजरअंदाज कर दिया। जैसे ही बाइक तेज बहाव वाले हिस्से में पहुंची, युवकों का संतुलन बिगड़ गया और वे बाइक समेत नदी की धार में बह गए।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दोनों युवक तेज बहाव में डूबने लगे, जिसे देखकर वहां मौजूद स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए नदी में उतर गए। लोगों की तत्परता के चलते दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस तरह समय रहते उनकी जान बच गई।

बताया जा रहा है कि दोनों युवक मल्हार क्षेत्र के आसपास के रहने वाले हैं और जांजगीर-चांपा की ओर जाने के लिए एनिकट पार करने की कोशिश कर रहे थे। घटना के दौरान उनके शराब के नशे में होने की बात भी सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही मल्हार पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को बारिश के दौरान उफनती लीलागर नदी और एनिकट को पार नहीं करने की समझाइश दी।

चेतावनी के बावजूद जोखिम उठाना पड़ा भारी

बारिश के मौसम में नदी-नालों का जलस्तर अचानक बढ़ जाता है। ऐसे में एनिकट या पुल के ऊपर से पानी बहने की स्थिति में उसे पार करना बेहद खतरनाक हो सकता है। इस घटना में स्थानीय लोगों की सूझबूझ और तत्परता से दोनों युवकों की जान बच गई, लेकिन हर बार ऐसी घटना में मदद समय पर मिले, यह जरूरी नहीं।

Popular Articles