रायपुर:स्कॉटलैंड के ग्लास्गो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में छत्तीसगढ़ की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव द्वारा रजत पदक जीतने पर पूरे प्रदेश में खुशी की लहर है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर राष्ट्रीय क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह तोमर ने हर्ष व्यक्त करते हुए ज्ञानेश्वरी और उनके परिवार को शुभकामनाएं दी हैं।
वीरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि ज्ञानेश्वरी यादव ने अपनी मेहनत, लगन और संघर्ष के दम पर न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश की बेटियों और महिलाओं के लिए नई प्रेरणा बनेगी और उन्हें खेलों में आगे बढ़ने का उत्साह देगी।
वीरेन्द्र सिंह तोमर ने पिता विनोद यादव से की बातचीत
ज्ञानेश्वरी यादव की सफलता की जानकारी मिलते ही करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह तोमर ने उनके परिवार से संपर्क किया। मंगलवार सुबह उन्होंने ज्ञानेश्वरी के पिता विनोद यादव से फोन पर बातचीत कर उन्हें बेटी की सफलता पर बधाई दी। इस दौरान उन्होंने करणी सेना, प्रदेशवासियों और अपनी ओर से शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ज्ञानेश्वरी के स्वदेश लौटने पर राष्ट्रीय क्षत्रिय करणी सेना की ओर से उनका सम्मान किया जाएगा।
संघर्ष के बाद मिली अंतरराष्ट्रीय सफलता
राजनांदगांव की रहने वाली ज्ञानेश्वरी यादव का सफर संघर्षों से भरा रहा है। वर्तमान में वह छत्तीसगढ़ पुलिस में सहायक उप निरीक्षक (ASI) के पद पर कार्यरत हैं। नौकरी की जिम्मेदारियों के साथ उन्होंने लगातार अभ्यास जारी रखा और अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत के लिए रजत पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया।
199 किलोग्राम वजन उठाकर जीता रजत पदक
ज्ञानेश्वरी के पिता विनोद यादव ने बताया कि 53 किलोग्राम महिला वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में उनकी बेटी ने कुल 199 किलोग्राम (स्नैच में 88 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 111 किलोग्राम) वजन उठाकर रजत पदक अपने नाम किया।
परिवार फिलहाल बेटे के इलाज में व्यस्त
ज्ञानेश्वरी की इस बड़ी उपलब्धि के बावजूद परिवार अभी जश्न नहीं मना सका है। उनके पिता ने बताया कि उनके बेटे रितेश यादव सड़क दुर्घटना में घायल होने के कारण अस्पताल में भर्ती हैं। ऐसे में पूरा परिवार उनकी देखभाल में लगा हुआ है। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश्वरी के घर लौटने के बाद ही उनकी सफलता का उत्सव मनाया जाएगा।
गांव से लेकर पूरे प्रदेश में खुशी का माहौल
ज्ञानेश्वरी के पैतृक गांव भोड़िया सहित पूरे राजनांदगांव और छत्तीसगढ़ में उनकी उपलब्धि को लेकर उत्साह का माहौल है। इस अवसर पर राष्ट्रीय क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि ज्ञानेश्वरी यादव जैसी बेटियां प्रदेश का गौरव हैं और उनकी सफलता आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनेगी। उन्होंने कहा कि करणी सेना हमेशा ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के सम्मान और प्रोत्साहन के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।


