छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सरकार ने बच्चों के हित में एक बड़ा संवेदनशील फैसला लिया है। प्रदेश में अब नए स्कूली शिक्षा सत्र की शुरुआत 16 जून की जगह 1 जुलाई से होगी। इस फैसले से तपती धूप और उमस से परेशान विद्यार्थियों और अभिभावकों को बड़ी राहत मिली है।स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह ने इस संबंध में सभी कलेक्टरों और जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
- जनभागीदारी से मनेगा ‘शाला प्रवेश उत्सव’
इस बार स्कूल खुलने के अवसर पर आयोजित होने वाले ‘शाला प्रवेश उत्सव’ को एक जन-आंदोलन का रूप दिया जाएगा।
- गांव-शहरों में मुनादी: विभाग ने निर्देश दिए हैं कि गांवों और शहरी वार्डों में मुनादी (ढोल बजाकर घोषणा) कराई जाए ताकि अधिक से अधिक लोग इससे जुड़ सकें।
- जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी: इस उत्सव में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, शाला विकास समितियों और अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
- स्कूलों की वापसी: जो बच्चे किन्हीं कारणों से स्कूल छोड़ चुके हैं (शाला त्यागी बच्चे), उन्हें दोबारा मुख्यधारा से जोड़कर अगली कक्षा में प्रवेश दिया जाएगा।
- स्कूलों को आकर्षक और ‘प्रिंट-रिच’ बनाने के निर्देश
1 जुलाई से पहले प्रदेश के सभी स्कूलों का कायाकल्प करने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। विभाग द्वारा जारी गाइडलाइंस के मुताबिक:
- साफ-सफाई और मरम्मत: स्कूल खुलने से पहले सभी भवनों, कक्षाओं और परिसरों की सघन सफाई होगी। जर्जर या मरम्मत योग्य भवनों का काम समय पर पूरा किया जाएगा।
- आकर्षक माहौल: बच्चों को पढ़ाई के प्रति आकर्षित करने के लिए स्कूलों में दीवारों पर ज्ञानवर्धक पेंटिंग्स और ‘प्रिंट-रिच’ (तस्वीरों और अक्षरों से सजा) वातावरण तैयार किया जाएगा।
- भिलाई में तैयारियों की बड़ी समीक्षा बैठक
तैयारियों का जायजा लेने के लिए भिलाई के शंकराचार्य कॉलेज ऑफ नर्सिंग (हुडको) में शासकीय और निजी विद्यालयों के प्राचार्यों और प्रबंधकों की एक हाई-लेवल समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
- स्टूडेंट सेफ्टी फर्स्ट: बसों की चेकिंग और नशामुक्ति अभियान
- स्कूल बसों की जांच: सभी स्कूल बसों की फिटनेस और ड्राइवरों की नियमित रूप से कड़ाई से जांच होगी।
- CCTV से निगरानी: स्कूलों के आसपास और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा के लिहाज से सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
- नशामुक्ति अभियान: बच्चों को जागरूक करने और सुरक्षित माहौल देने के लिए स्कूलों में विशेष नशामुक्ति अभियान चलाया जाएगा।
