मुंबई। घरेलू शेयर बाजार में मंगलवार को कारोबारी शुरुआत भारी गिरावट के साथ हुई। पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव, कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली के चलते निवेशकों की धारणा कमजोर रही। शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 552.99 अंक टूटकर 77,063.41 पर पहुंच गया, जबकि एनएसई निफ्टी 160.45 अंक फिसलकर 24,050.55 के स्तर पर कारोबार करता दिखा।
इन शेयरों में सबसे ज्यादा दबाव
सेंसेक्स की प्रमुख कंपनियों में इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो), एचसीएल टेक, बजाज फाइनेंस, महिंद्रा एंड महिंद्रा, अल्ट्राटेक सीमेंट और लार्सन एंड टुब्रो के शेयरों में सबसे अधिक गिरावट दर्ज की गई। वहीं भारती एयरटेल, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS), अडानी पोर्ट्स और टाटा स्टील के शेयर बढ़त के साथ कारोबार करते नजर आए।
कच्चे तेल की कीमतों ने बढ़ाई चिंता
वैश्विक बाजार में ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमत 1.63 प्रतिशत बढ़कर 84.60 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गई। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि कच्चे तेल की कीमतों में तेजी जारी रहती है तो इसका असर भारत की महंगाई, चालू खाता घाटा और आर्थिक वृद्धि पर भी पड़ सकता है।जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के मुख्य निवेश रणनीतिकार वीके विजयकुमार के अनुसार, अमेरिका-ईरान तनाव के चलते कच्चे तेल की कीमतों में आई तेजी भारतीय बाजार के लिए निकट भविष्य में चुनौती बन सकती है।
वैश्विक बाजारों में भी कमजोरी
एशियाई बाजारों में भी दबाव देखने को मिला। दक्षिण कोरिया का कोस्पी, जापान का निक्केई-225, चीन का शंघाई एसएसई कंपोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग सभी गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। वहीं सोमवार को अमेरिकी शेयर बाजार भी नकारात्मक रुख के साथ बंद हुए थे।
विदेशी निवेशकों की बिकवाली जारी
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने सोमवार को 3,062.27 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की। लगातार विदेशी पूंजी निकासी भी घरेलू बाजार पर दबाव का प्रमुख कारण बनी हुई है।
SBI फंड्स मैनेजमेंट का IPO खुला
इसी बीच निवेशकों के लिए एक बड़ा अवसर भी सामने आया है। भारत की सबसे बड़ी एसेट मैनेजमेंट कंपनी SBI फंड्स मैनेजमेंट का 9,813 करोड़ रुपये का आईपीओ मंगलवार से निवेश के लिए खुल गया। यह इश्यू 16 जुलाई तक खुला रहेगा। कंपनी ने 545 से 574 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। निवेशक 26 शेयरों के न्यूनतम लॉट के लिए आवेदन कर सकते हैं। ऊपरी प्राइस बैंड के हिसाब से एक लॉट की कीमत 14,924 रुपये होगी। कंपनी के शेयर बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध किए जाएंगे।बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक घटनाक्रम, कच्चे तेल की कीमतों की दिशा और विदेशी निवेशकों की गतिविधियां आने वाले कारोबारी सत्रों में भारतीय शेयर बाजार की चाल तय करेंगी।


