बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में चखना दुकान की आड़ में शराब पीने के लिए जगह उपलब्ध कराने का मामला सामने आया है। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के ग्राम हरदीकला टोना में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान 48 वर्षीय सुधीर कौशिक, निवासी हरदीकला टोना के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि चखना दुकान की आड़ में लोगों को शराब पीने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही थी। इस गतिविधि का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया।
मौके से मिली शराब की खाली बोतलें और नकदी
सूचना के आधार पर पुलिस ने 6 अगस्त को मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। तलाशी के दौरान वहां से एक खाली डिस्पोजल, कुरकुरे के दो खाली पैकेट, देशी प्लेन शराब की तीन खाली बोतलें और 250 रुपये नकद बरामद किए गए।
बरामद नकदी में 100 रुपये का एक नोट, 50-50 रुपये के दो नोट, 20-20 रुपये के दो नोट और 10 रुपये का एक नोट शामिल था।
जमानत पर छोड़ा गया आरोपी
पुलिस ने आरोपी सुधीर कौशिक के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की। मामला जमानतीय होने के कारण आरोपी को जमानत पर छोड़ दिया गया। वहीं, पुलिस ने उसके खिलाफ अलग से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की है।
चखना दुकानों की निगरानी पर उठे सवाल
इस कार्रवाई के बाद एक बार फिर चखना दुकानों की आड़ में अवैध शराबखोरी को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस अब ऐसे स्थानों पर निगरानी बढ़ाने की बात कर रही है, ताकि सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन और उससे जुड़ी गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके।


