जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र में मिले अज्ञात युवक के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। ग्राम जुरगुम-तुर्रापानी के जंगल क्षेत्र में मिले शव की पहचान विमड़ा निवासी राजेश दास के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या के आरोप में ग्राम झगरपुर निवासी कृष्णा उर्फ कैलाश यादव (30 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों के बीच मोबाइल फोन के बकाया 1,000 रुपये को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के दौरान आरोपी ने लकड़ी के फाड़े से राजेश के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
जंगल में मिला था अज्ञात युवक का शव
पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर को जुरगुम-तुर्रापानी के जंगल इलाके में रपटा पुलिया के पास टेकरी के पीछे एक युवक का शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही बगीचा पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर जांच शुरू की।
मृतक के सिर के पीछे चोट के निशान और खून मिला था। वहीं, चेहरे को जंगली जानवर द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने के कारण शुरुआत में उसकी पहचान नहीं हो सकी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टर ने मौत को हत्यात्मक बताया, जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मोबाइल के 1 हजार रुपये को लेकर था विवाद
हत्या की जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के परिजनों, परिचितों और आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसके साथ ही तकनीकी और अन्य साक्ष्यों को भी खंगाला गया। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस का संदेह ग्राम झगरपुर निवासी कृष्णा उर्फ कैलाश यादव पर गया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि राजेश दास से मोबाइल फोन के बकाया 1,000 रुपये को लेकर उसका विवाद चल रहा था। 23 सितंबर को दोनों एक अन्य व्यक्ति के साथ अलग-अलग स्थानों पर गए थे। बाद में उस व्यक्ति को रास्ते में उतारने के बाद आरोपी और राजेश कार से जुरगुम रपटा पुलिया की ओर चले गए।
कार से उतारकर सिर पर किया वार
पुलिस के अनुसार, जुरगुम के पास बकाया रकम को लेकर दोनों के बीच दोबारा विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने राजेश को कार से नीचे उतारा और जमीन पर पड़े लकड़ी के फाड़े से उसके सिर पर दो बार वार किया।
वार लगने के बाद राजेश जमीन पर गिर पड़ा। पुलिस का कहना है कि इसके बाद आरोपी ने शव को उठाकर टेकरी के पीछे फेंक दिया और मौके से चला गया।
हत्या के बाद सबूत मिटाने का आरोप
पुलिस की जांच में आरोपी पर घटना के साक्ष्य मिटाने की कोशिश करने का भी आरोप है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने वारदात में इस्तेमाल लकड़ी के फाड़े और मृतक के मोबाइल फोन को मैनी नदी में फेंक दिया था। इसके अलावा घटना के समय पहने कपड़ों को डोड़की नदी में फेंकने की बात भी सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपनी लाल रंग की स्विफ्ट कार को भी धोया था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर कार को उसके घर से बरामद कर लिया है।
आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा
पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद कृष्णा उर्फ कैलाश यादव को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में हत्या के आरोप में BNS की धारा 103(1) के साथ साक्ष्य नष्ट करने के आरोप में धारा 238 भी लगाई गई है।
इस कार्रवाई में बगीचा थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रांत कुमार सोन, सहायक उप निरीक्षक नरेश मिंज सहित थाना बगीचा पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


