Monday, August 24, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला नई एसआईटी ने संभाली जांच की कमान, वर्चुअल बैठक में हुई अब तक की कार्रवाई की समीक्षा

अयोध्या। राम मंदिर की दान पेटिकाओं से चढ़ावा चोरी के बहुचर्चित मामले की जांच अब नई विशेष जांच टीम (एसआईटी) की निगरानी में आगे बढ़ेगी। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद गठित नई एसआईटी ने जांच की कमान संभाल ली है। हालांकि टीम की औपचारिक बैठक अभी नहीं हुई है, लेकिन जांच को गति देने के लिए अधिकारियों ने वर्चुअल बैठक कर अब तक की पुलिस कार्रवाई और विवेचना की विस्तृत समीक्षा की।

सुप्रीम कोर्ट ने 20 जुलाई को इस मामले की निष्पक्ष और प्रभावी जांच सुनिश्चित करने के लिए नई एसआईटी गठित करने का निर्देश दिया था। इसके अनुपालन में उत्तर प्रदेश सरकार ने 26 जुलाई को तीन सदस्यीय एसआईटी का गठन किया। टीम में लखनऊ के आईजी किरण एस., अयोध्या रेंज के डीआईजी सोमेन बर्मा और अयोध्या के एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर को शामिल किया गया है।

सूत्रों के अनुसार, एसआईटी के तीनों अधिकारियों ने वर्चुअल माध्यम से बैठक कर अब तक की जांच, आरोपियों से पूछताछ, जुटाए गए साक्ष्यों, बरामदगी, संपत्तियों से जुड़े तथ्यों और पुलिस द्वारा उठाए गए कदमों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इस बैठक को जांच की नई दिशा तय करने की प्रक्रिया का पहला महत्वपूर्ण चरण माना जा रहा है।

दरअसल, डीआईजी सोमेन बर्मा और एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर पहले भी इस मामले की निगरानी कर रहे थे। स्थानीय पुलिस उनकी देखरेख में विवेचना कर रही थी, लेकिन उनकी भूमिका औपचारिक रूप से एसआईटी का हिस्सा नहीं थी। अब नई एसआईटी में शामिल होने के बाद दोनों अधिकारी जांच की प्रत्यक्ष निगरानी करेंगे और आगे की विवेचना उनके पर्यवेक्षण में होगी।

सूत्रों का कहना है कि एसआईटी सबसे पहले अब तक हुई कार्रवाई का विस्तृत ब्योरा तैयार करेगी और यह आकलन करेगी कि किन बिंदुओं पर और गहन जांच की आवश्यकता है। इसके आधार पर आगे की जांच की रणनीति तैयार की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर नए सिरे से पूछताछ, साक्ष्य संकलन तथा अन्य कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।राम मंदिर चढ़ावा चोरी का मामला देशभर में चर्चा का विषय रहा है। ऐसे में नई एसआईटी से उम्मीद की जा रही है कि वह निष्पक्ष, पारदर्शी और तेजी से जांच पूरी कर मामले की सच्चाई सामने लाएगी।

Popular Articles