बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक महिला की मौत के मामले में पुलिस ने उसके जीजा को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि शादी समारोह के दौरान जीजा ने महिला के चरित्र पर लांछन लगाते हुए विवाद किया था। इस घटना के बाद महिला मानसिक तनाव में थी। कुछ दिन बाद उसने खुद को आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसी महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की है।
शादी समारोह में हुआ था विवाद
पुलिस के मुताबिक, भगवानपाली निवासी गीता राय ने वर्ष 2024 में अपनी इच्छा से सतीश कुमार राय से विवाह किया था। 15 और 16 अप्रैल 2026 के बीच वह अपने पति के साथ मुंगेली जिले के पथरिया थाना क्षेत्र के ग्राम बरछा में अपने मामा कृष्ण बंजारे के घर आयोजित शादी समारोह में शामिल होने पहुंची थीं।
इसी दौरान टिकारी निवासी उनके जीजा विनेत जोगी पर गीता राय के चरित्र को लेकर कथित तौर पर लांछन लगाने और विवाद करने का आरोप है। बताया गया कि इस घटना के बाद महिला मानसिक तनाव में थी।
आग से झुलसने के बाद अस्पताल में तोड़ा दम
जानकारी के अनुसार, 18 अप्रैल 2026 की रात करीब 11 बजे गीता राय ने खुद को आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद मस्तूरी थाना क्षेत्र की मल्हार चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की।
मृत्यु पूर्व कथन और अन्य साक्ष्यों की जांच
पुलिस ने जांच के दौरान मृतका के मृत्यु पूर्व कथन, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, अस्पताल के बेडहेड टिकट, घटनास्थल के निरीक्षण और गवाहों के बयानों की पड़ताल की।
पुलिस के अनुसार, मृत्यु पूर्व कथन में महिला ने शादी समारोह के दौरान जीजा के साथ हुए विवाद और उसके बाद मानसिक तनाव में आत्मघाती कदम उठाने की बात बताई थी। मृत्यु पूर्व कथन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी विनेत जोगी को गिरफ्तार कर लिया।
BNS की धारा 108 के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 के तहत अपराध दर्ज किया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


