Friday, July 10, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

रायपुर की बेटी महिमा अंतरराष्ट्रीय स्पेस मिशन ‘ShaktiSAT’ के लिए चयनित, बनाएंगी सैटेलाइट

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर की छात्रा महिमा राजपूत ने प्रदेश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। तिलक नगर स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट इंग्लिश मीडियम स्कूल की कक्षा 10वीं की छात्रा महिमा का चयन प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय स्पेस मिशन ‘ShaktiSAT’ के लिए हुआ है। इस उपलब्धि के साथ वह दुनिया के 108 देशों की चयनित छात्राओं के साथ मिलकर सैटेलाइट निर्माण परियोजना में भाग लेंगी और भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

महिमा ने देशभर से आए हजारों आवेदनों के बीच लिखित परीक्षा और इंटरव्यू सहित कई चरणों की कठिन चयन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पार की। इसके बाद उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर फाइनलिस्ट के रूप में चुना गया।

  • अगस्त में दिल्ली में होगा विशेष प्रशिक्षण

महिमा ने बताया कि अगस्त 2026 में नई दिल्ली में आयोजित होने वाली आठ दिवसीय ‘शक्तिसैट वर्कशॉप’ में वह हिस्सा लेंगी। इस दौरान उन्हें स्पेस साइंस, सैटेलाइट टेक्नोलॉजी और अंतरिक्ष मिशनों से जुड़ी आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। विशेषज्ञों की निगरानी में छात्राएं सैटेलाइट डिजाइनिंग और मिशन प्लानिंग की बारीकियां सीखेंगी।

  • 108 देशों की छात्राएं मिलकर बनाएंगी दो सैटेलाइट

23 अगस्त से शुरू होने वाली इस वर्कशॉप में विभिन्न देशों की छात्राएं मिलकर दो सैटेलाइट तैयार करेंगी। इनमें से एक उपग्रह को चंद्रमा की कक्षा में स्थापित किया जाएगा, जबकि दूसरा चंद्रमा की सतह पर उतरने के लिए डिजाइन किया जाएगा। यह परियोजना छात्राओं को वास्तविक अंतरिक्ष मिशन का अनुभव प्रदान करेगी।

  • ISRO के लॉन्च पैड से होगी उड़ान

इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत तैयार किए गए सैटेलाइट्स को अक्टूबर 2026 में श्रीहरिकोटा स्थित इसरो के लॉन्च पैड से अंतरिक्ष में भेजने की योजना है। यह अवसर विज्ञान और अंतरिक्ष अनुसंधान में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों के लिए किसी सपने के साकार होने जैसा है।

  • शिक्षकों और परिवार को दिया सफलता का श्रेय

महिमा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार, शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन को दिया है। उन्होंने विशेष रूप से अपनी मार्गदर्शक शिक्षिका योगेश्वरी लहरी और विद्यालय की प्राचार्य जॉली साहू के सहयोग को महत्वपूर्ण बताया। महिमा ने कहा कि सही मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर विद्यार्थी किसी भी क्षेत्र में बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।

  • भविष्य में बनना चाहती हैं IAS अधिकारी

पेंटिंग और स्टोरी राइटिंग की शौकीन महिमा भविष्य में भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में जाना चाहती हैं। उनके पिता निजी क्षेत्र में कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं।

  • STEM शिक्षा को बढ़ावा देने की पहल

‘ShaktiSAT’ मिशन का उद्देश्य दुनिया भर की छात्राओं को स्पेस साइंस, सैटेलाइट टेक्नोलॉजी, रोबोटिक्स और वैज्ञानिक अनुसंधान से जोड़ना है। यह पहल विशेष रूप से छात्राओं को विज्ञान एवं तकनीक (STEM) के क्षेत्र में आगे बढ़ाने और भविष्य के वैज्ञानिकों एवं शोधकर्ताओं को तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

महिमा की यह उपलब्धि न केवल रायपुर बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ और देश के लिए गर्व का विषय है।

Popular Articles