पटना। हार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। नामांकन दाखिल करने का आज आखिरी दिन है और इसी के साथ प्रमुख उम्मीदवार अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने की तैयारी में हैं। जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर और बीजेपी उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा आज अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।
बांकीपुर विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना के बाद चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। शनिवार तक इस सीट से 11 उम्मीदवार नामांकन दाखिल कर चुके थे। अंतिम दिन प्रमुख राजनीतिक दलों के उम्मीदवारों के नामांकन को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है।
नामांकन से पहले प्रशांत किशोर ने की पूजा-अर्चना
जन सुराज के उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने नामांकन से पहले सोनपुर स्थित प्रसिद्ध बाबा हरिहरनाथ मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया। इससे पहले भी उम्मीदवार घोषित होने के बाद उन्होंने पटना जंक्शन स्थित महावीर मंदिर में दर्शन किए थे और बोरिंग रोड स्थित शिव मंदिर में रुद्राभिषेक कराया था।
प्रशांत किशोर के नामांकन को जन सुराज की ओर से शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है। पार्टी की ओर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों के पहुंचने की तैयारी की गई है। जन सुराज का दावा है कि आम लोगों की भागीदारी के साथ नामांकन कार्यक्रम को बड़ा बनाया जाएगा।
बीजेपी ने भी दिखाई तैयारी, दिग्गज नेता होंगे शामिल
वहीं, बीजेपी ने अपने उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा के नामांकन को लेकर जोरदार तैयारियां की हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, बिहार सरकार के कई मंत्री और एनडीए के वरिष्ठ नेता कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं।
बीजेपी उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा प्रदेश कार्यालय से रोड शो करते हुए नामांकन दाखिल करने पहुंचेंगे। इससे पहले पार्टी ने अभिषेक कुमार ‘बंटी’ को प्रत्याशी बनाया था और उन्होंने नामांकन भी दाखिल किया था, लेकिन नाम वापसी के बाद बीजेपी ने नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया।
बांकीपुर सीट पर मुकाबला हुआ दिलचस्प
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी और जन सुराज के बीच मुकाबला राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। दोनों दल नामांकन के जरिए अपनी संगठनात्मक ताकत और जनसमर्थन का प्रदर्शन करने की तैयारी में हैं। अब सभी की नजरें चुनाव प्रचार और मतदाताओं के रुख पर टिकी हैं।

