Sunday, July 12, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

कार्रवाई के बाद मलबे में तलाशते रहे अपनी यादें, नई शुरुआत की चुनौती के बीच जिंदगी समेटते लोग

नवा रायपुर। आम आदमी पूरी जिंदगी पाई-पाई जोड़कर अपने सपनों का आशियाना बनाता है। वही घर उसकी मेहनत, उसकी पहचान और परिवार की अनगिनत यादों का केंद्र होता है। लेकिन नवा रायपुर के नकटी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद कई परिवारों के पक्के मकान पल भर में मलबे में तब्दील हो गए। मकानों के ढहने के साथ लोगों के वर्षों से संजोए सपने और यादें भी बिखर गईं।

मंगलवार को पुनर्वासित किए गए कई परिवार एक बार फिर अपने पुराने घरों के अवशेष देखने नकटी पहुंचे। चारों ओर धूल और सन्नाटे के बीच लोग मलबे से ईंट, सरिया, दरवाजों की चौखट, खिड़कियां और अन्य उपयोगी सामान निकालते नजर आए। कई परिवार अपने घरों से जुड़ी छोटी-बड़ी निशानियों को सहेजने की कोशिश कर रहे थे, ताकि नई जगह पर बसते समय वे अपने पुराने आशियाने की कुछ यादें साथ ले जा सकें।

प्रभावित लोगों की आंखों में घर उजड़ने का दर्द साफ दिखाई दे रहा था। वर्षों की मेहनत से तैयार किए गए मकानों के मलबे के बीच वे कभी बच्चों के खिलौने, कभी घरेलू सामान तो कभी दीवारों से जुड़ी यादों को खोजते रहे। कई बुजुर्ग भावुक होकर अपने पुराने घरों को निहारते नजर आए।

इधर, प्रशासन द्वारा सेक्टर-30 स्थित ईडब्ल्यूएस आवासों में पुनर्वासित परिवार नई जिंदगी की शुरुआत की तैयारी में जुटे हैं। छोटे कमरों और सीमित जगह में सामान व्यवस्थित करने की चुनौती उनके सामने है। प्रशासन ने बिजली, पानी और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का दावा किया है, लेकिन मौके पर कुछ आवासों में पानी की पाइपलाइन और नल की व्यवस्था अधूरी मिली।

कई महिलाओं ने छोटे मकानों और बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि नए घर में जगह कम होने से परिवार के साथ रहने और सामान रखने में परेशानी हो रही है। हालांकि कुछ परिवारों ने बताया कि उनके आवासों में बिजली और पानी की सुविधा उपलब्ध हो चुकी है, जिससे नई शुरुआत करने में कुछ राहत मिली है।

नकटी में उजड़े आशियानों का मलबा अब सिर्फ टूटे मकानों का ढेर नहीं, बल्कि उन परिवारों की संघर्ष भरी जिंदगी, सपनों और यादों की कहानी भी बयां कर रहा है। वहीं पुनर्वास स्थल पर लोग उम्मीद और चुनौतियों के बीच अपने जीवन को फिर से पटरी पर लाने की कोशिश कर रहे हैं।

Popular Articles