Monday, August 24, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

लोन कंपनी का एजेंट बनकर साइबर ठगी, मोवा में 3 लोगों से 86,800 रुपए ठगे

रायपुर। राजधानी रायपुर में साइबर ठगों ने ठगी का नया तरीका अपनाते हुए लोन कंपनी के कर्मचारी बनकर तीन लोगों को अपना शिकार बनाया। आरोपियों ने फोन और वॉट्सऐप के जरिए ग्राहकों से संपर्क किया और खुद को क्रेडिट सी लोन कंपनी का कर्मचारी बताकर लोन से जुड़ी जानकारी देकर उनका भरोसा जीता। इसके बाद अलग-अलग बहानों से बैंक खाते और लेनदेन से संबंधित जानकारी लेकर कुल 86 हजार 800 रुपए अपने खातों में जमा करा लिए।

मामला मोवा स्थित क्रेडिट सी लोन मेघदूत मर्केनटाइल प्राइवेट लिमिटेड से जुड़ा है। कंपनी कर्मचारी प्रद्युमन लिमसाखरे की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, कंपनी ने तीन ग्राहकों को अलग-अलग लोन दिया था। इसी बीच अज्ञात आरोपियों ने ग्राहकों के मोबाइल नंबर पर फोन और वॉट्सऐप के जरिए संपर्क किया। आरोपियों ने खुद को कंपनी का कर्मचारी बताते हुए लोन से संबंधित जानकारी साझा की, जिससे ग्राहकों को उन पर भरोसा हो गया। इसके बाद आरोपियों ने लोन की रकम और भुगतान से जुड़े लेनदेन का हवाला देते हुए अपने बताए बैंक खातों में पैसे जमा करा लिए।

रकम प्राप्त होने के बाद आरोपियों ने ग्राहकों से संपर्क करना बंद कर दिया। ठगी का पता चलने पर कंपनी की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।

पुलिस अब आरोपियों के मोबाइल नंबर, वॉट्सऐप चैट और बैंक खातों की जानकारी खंगाल रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि साइबर ठगों तक कंपनी के ग्राहकों की निजी जानकारी कैसे पहुंची।

पुलिस ने किया सावधान

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि लोन, किस्त, भुगतान या किसी अन्य वित्तीय प्रक्रिया के नाम पर फोन करने वाले अनजान लोगों को बैंक डिटेल, पासवर्ड, OTP या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। किसी भी तरह का भुगतान करने से पहले संबंधित कंपनी के आधिकारिक नंबर पर संपर्क कर पूरी जानकारी की पुष्टि जरूर करें।

Popular Articles