रायपुर। कोरिया जिले के कटगोड़ी गांव में हुई चर्चित हत्याकांड की घटना को लेकर क्षत्रिय करणी सेना ने न्याय की मांग को और तेज करने का निर्णय लिया है। संगठन ने 29 जून को पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनके प्रति संवेदना व्यक्त करने तथा निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपने की घोषणा की है।करणी सेना के अनुसार, सोनहत थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत नौगई अंतर्गत आश्रित ग्राम कटगोड़ी में हुई घटना में पूर्व जनपद अध्यक्ष भरत सिंह लल्ला, उनके चचेरे भाई नगेंद्र सिंह और वीरेंद्र सिंह की हत्या कर दी गई थी। घटना के दौरान उनकी फॉर्च्यूनर वाहन को भी आग के हवाले कर दिया गया। वहीं घायल मयंक सिंह का उपचार जारी है।
संगठन ने बताया कि इस न्याय अभियान का नेतृत्व संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज शेखावत करेंगे। उनके साथ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह तोमर, प्रदेश पदाधिकारी तथा सैकड़ों करणी सैनिक कटगोड़ी गांव पहुंचेंगे। प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने के लिए संगठन की प्रतिबद्धता दोहराएगा।करणी सेना का कहना है कि यह मामला केवल एक परिवार का नहीं, बल्कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था और नागरिक सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय है। संगठन ने राज्य सरकार और प्रशासन से मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।
प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह तोमर ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज शेखावत 29 जून को रायपुर पहुंचेंगे। विमानतल पर स्वागत के बाद करणी सेना का काफिला कोरिया जिले के लिए रवाना होगा। कटगोड़ी गांव में पीड़ित परिवार से मुलाकात के उपरांत जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
करणी सेना ने स्पष्ट किया है कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना संगठन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। संगठन का कहना है कि जब तक मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई नहीं होती, तब तक वह संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक तरीकों से अपनी आवाज बुलंद करता रहेगा। साथ ही समाज के सभी वर्गों से इस न्याय अभियान में सहभागी बनने की अपील भी की गई है।


