अहमदाबाद/नई दिल्ली। अहमदाबाद हवाई अड्डे पर बुधवार शाम एक संभावित बड़ा विमान हादसा टल गया, जब एअर इंडिया का एक विमान टैक्सीवे पर गलत दिशा में मुड़ गया और सामने से आ रहे इंडिगो के विमान के मार्ग में पहुंच गया। हालांकि, एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) की सतर्कता और पायलटों की त्वरित प्रतिक्रिया के कारण दोनों विमान समय रहते रुक गए और किसी भी तरह की दुर्घटना नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, मुंबई के लिए रवाना होने वाला इंडिगो का विमान उड़ान भरने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान मुंबई से अहमदाबाद पहुंची एअर इंडिया की फ्लाइट AI-2493 लैंडिंग के बाद पार्किंग बे की ओर जा रही थी। बताया जा रहा है कि विमान अनजाने में गलत टैक्सीवे पर मुड़ गया, जिससे दोनों विमान एक ही मार्ग पर आमने-सामने आ गए।
सूत्रों के मुताबिक, स्थिति गंभीर होने से पहले ही दोनों विमानों को रोक दिया गया और उनके बीच लगभग 200 मीटर की सुरक्षित दूरी बनी रही। घटना के दौरान विमान में सवार यात्रियों के बीच कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
एअर इंडिया ने जारी बयान में कहा कि विमान पार्किंग बे की ओर जाते समय अनजाने में गलत रास्ते पर मुड़ गया था। कंपनी ने स्पष्ट किया कि सभी यात्री और चालक दल के सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं तथा विमान को बाद में सुरक्षित रूप से पार्किंग बे तक पहुंचा दिया गया।
एअर इंडिया ने यह भी बताया कि घटना की जानकारी संबंधित नियामक प्राधिकरण को दे दी गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर इसे मानवीय त्रुटि या संचार संबंधी चूक से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब देश में विमानन सुरक्षा को लेकर लगातार सतर्कता बरती जा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि समय रहते उठाए गए कदमों ने एक बड़े हादसे को टाल दिया और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की।
फिलहाल, दोनों विमानों के संचालन पर कोई असर नहीं पड़ा है और संबंधित एजेंसियां पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई हैं।


