रायपुर। राजधानी रायपुर के रावाभाठा स्थित हृदयलाल चौक के पास ESIC अस्पताल के समीप तालाब किनारे एक विकसित भ्रूण मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। मामला खमतराई थाना क्षेत्र का है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तालाब किनारे पड़े भ्रूण को देखकर लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इसी स्थान पर भ्रूण मिलने की यह दूसरी घटना है, जिससे क्षेत्रवासियों में चिंता और आक्रोश का माहौल है। लोगों ने आशंका जताई है कि कोई अज्ञात व्यक्ति भ्रूण को यहां फेंककर फरार हो गया होगा।
सूचना मिलते ही खमतराई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भ्रूण को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि भ्रूण यहां कैसे पहुंचा और इस घटना के पीछे कौन जिम्मेदार है।
स्थानीय नागरिकों ने मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग करते हुए कहा कि बार-बार ऐसी घटनाओं का सामने आना गंभीर चिंता का विषय है। उनका कहना है कि यदि एक ही स्थान पर दूसरी बार ऐसा मामला सामने आया है, तो प्रशासन को विशेष निगरानी रखते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


