Monday, August 24, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

दल्हा पहाड़ मेले में पुलिस की कड़ी सुरक्षा, 5500 स्टील कड़े और 150 पाव शराब जब्त

जांजगीर-चांपा। जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पोड़ीदलहा के दल्हा पहाड़ में नागपंचमी के अवसर पर आयोजित ऐतिहासिक मेले में करीब एक लाख श्रद्धालु पहुंचे। इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय IPS के निर्देशन में जांजगीर-चांपा पुलिस ने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए। पुलिस की मुस्तैदी के चलते मेला शांतिपूर्ण रहा और किसी भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

हमले में इस्तेमाल हो सकने वाले 5500 स्टील के कड़े जब्त

मेले में अपराध और विवाद की आशंका को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच अभियान चलाया। ASP डॉ. युलैण्डन यार्क, ASP यातायात उदयन बेहार और SDOP अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने संदिग्ध युवकों की जांच की।

इस दौरान करीब 5500 नग भारी स्टील के कड़े उतरवाकर पुलिस ने जमा कराए। जांच में कई कड़े काफी भारी और मजबूत पाए गए, जिनका इस्तेमाल मारपीट या हमले में हथियार के रूप में किया जा सकता था। इसके अलावा कुछ युवकों के पास हाथ में पहनने वाले पंचनुमा स्टील के हथियार भी मिले, जिन्हें पुलिस ने तत्काल जब्त कर लिया।

150 पाव शराब भी बरामद

मेले में अवैध शराब के सेवन से होने वाली संभावित घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। इस दौरान अलग-अलग लोगों के पॉकेट, बैग और झोलों में छिपाकर ले जाई जा रही करीब 150 पाव देशी प्लेन और अंग्रेजी शराब बरामद कर जब्त की गई।

पुलिस की इस कार्रवाई से मेला क्षेत्र में शराब के सेवन और उससे जुड़ी विवाद की संभावनाओं पर प्रभावी रोक लगाने में मदद मिली।

लगातार पेट्रोलिंग और कड़ी निगरानी

मेले में पुलिस टीमों द्वारा लगातार पेट्रोलिंग की गई। भीड़भाड़ वाले स्थानों और प्रमुख मार्गों पर जवानों की तैनाती कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई। पुलिस की सक्रिय निगरानी से श्रद्धालुओं के बीच सुरक्षा का माहौल बना रहा।

साइबर जागरूकता बना आकर्षण

मेले में पुलिस की ओर से साइबर जागृति अभियान भी चलाया गया। श्रद्धालुओं को साइबर फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी और डिजिटल अपराधों से बचने के लिए जागरूक किया गया।

दल्हा पहाड़ के शीर्ष, मंदिर परिसर और प्रमुख मार्गों पर साइबर जागरूकता सेल्फी स्टैंड और जोन बनाए गए। श्रद्धालुओं ने “मैं जागरूक हूं, साइबर क्राइम से मुक्त हूं” संदेश के साथ सेल्फी लेकर सोशल मीडिया के माध्यम से साइबर सुरक्षा का संदेश फैलाया।

महिला कमांडो और वालेंटियर्स का रहा सहयोग

मेले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महिला कमांडो टीम ग्राम पड़रिया, पहाड़ मित्र, वालेंटियर्स, भीम रेजिमेंट, डॉ. अंबेडकर विचार युवा संगठन अकलतरा, आश्रम परिवार समिति और वन प्रबंध समिति का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

यातायात व्यवस्था रही चाक-चौबंद

बिलासपुर, कोरबा, जांजगीर, बलौदा सहित विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए सुरक्षित पार्किंग की व्यवस्था की गई थी। पुलिस की यातायात व्यवस्था के कारण श्रद्धालुओं और वाहनों की आवाजाही सुचारू बनी रही।

Popular Articles