Wednesday, September 23, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

CG News: महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कार से 12 किलो गांजा बरामद; तीन आरोपी गिरफ्तार

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट पर सघन वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक सफेद डिजायर कार से 12 किलो 260 ग्राम गांजा बरामद किया। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

मुखबिर की सूचना पर चेक पोस्ट में पकड़ी गई कार

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से एक सफेद डिजायर कार में अवैध गांजा लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर चेक पोस्ट पर तैनात पुलिस टीम ने वाहनों की सघन जांच शुरू की।

इसी दौरान संदिग्ध डिजायर कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ। वजन करने पर गांजे की कुल मात्रा 12.260 किलोग्राम पाई गई।

ओडिशा से गांजा लाकर राजनांदगांव में खपाने की थी योजना

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने ओडिशा के जोगीमुंडा से गांजा खरीदा था और इसे राजनांदगांव में खपाने की योजना थी।

पुलिस ने मामले में राजनांदगांव निवासी खिलेश मंडावी, अजय मार्कण्डेय और प्रेम दास मानिकपुरी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

11.40 लाख रुपये की संपत्ति जब्त

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 12 किलो 260 ग्राम गांजा, डिजायर कार और चार मोबाइल फोन सहित कुल करीब 11 लाख 40 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।

महासमुंद पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। अंतर्राज्यीय सीमाओं और चेक पोस्ट पर निगरानी बढ़ाकर नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।

Popular Articles