जांजगीर-चांपा। जमीन और मकान को भारमुक्त एवं विवादरहित बताकर लाखों रुपये का सौदा करने के कथित धोखाधड़ी मामले में चांपा पुलिस ने एक कारोबारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने बैंक में बंधक संपत्ति की जानकारी छिपाकर जमीन और मकान का सौदा किया तथा शिकायतकर्ता से कुल 49 लाख 70 हजार रुपये हासिल किए। मामले में गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार तहसील रोड बरपाली चौक चांपा निवासी वरुण सोमानी ने इस संबंध में थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में मारुति विहार कॉलोनी चांपा निवासी हरिशंकर गुप्ता (44) पर जमीन के सौदे में धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया गया।
4.95 एकड़ जमीन का 29.70 लाख में हुआ था सौदा
शिकायत के मुताबिक ग्राम पोड़ीकला में कुल 22 खसरों में दर्ज करीब 4.95 एकड़ जमीन को हरिशंकर गुप्ता ने भारमुक्त और विवादरहित बताया था। इसी आधार पर दोनों पक्षों के बीच जमीन का सौदा 29 लाख 70 हजार रुपये में तय हुआ।
आरोप है कि शिकायतकर्ता से पूरी रकम लेने के बाद 14 जुलाई 2025 को आरोपी ने जमीन का विक्रय इकरारनामा भी निष्पादित किया था। इसके बाद जब शिकायतकर्ता जमीन की रजिस्ट्री कराने के लिए आगे बढ़ा तो मामला उलझता चला गया।
सौदे की जमीन का हिस्सा दूसरे व्यक्ति को बेचने का आरोप
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने सौदा की गई जमीन में से 9 खसरों की करीब 2.37 एकड़ भूमि किसी अन्य व्यक्ति को बेच दी और उसकी रजिस्ट्री भी करा दी। वहीं, शिकायतकर्ता को बची हुई जमीन की रजिस्ट्री के लिए कथित तौर पर लगातार टालमटोल की जाती रही।
रजिस्ट्री में देरी होने पर शिकायतकर्ता ने जमीन से जुड़े राजस्व रिकॉर्ड की जांच कराई। शिकायत के अनुसार इसी दौरान पता चला कि जिस संपत्ति को भारमुक्त बताया गया था, वह बैंक में बंधक थी। इसके बाद शिकायतकर्ता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
दूसरी संपत्ति के लिए भी 20 लाख लेने का आरोप
मामले में एक अन्य संपत्ति के लेनदेन का भी आरोप लगाया गया है। शिकायत के मुताबिक हरिशंकर गुप्ता ने शिकायतकर्ता के पिता से चांपा स्थित जमीन और मकान को भी भारमुक्त एवं विवादरहित बताकर 20 लाख रुपये लिए थे।
बाद में जांच-पड़ताल के दौरान इस संपत्ति के भी बैंक में बंधक होने की जानकारी सामने आने का दावा किया गया। पुलिस के अनुसार दोनों संपत्तियों से जुड़े लेनदेन में कुल 49 लाख 70 हजार रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है।
जांच के बाद आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक अभिरक्षा में भेजा
शिकायत के आधार पर चांपा पुलिस ने मामला दर्ज कर दस्तावेजों और लेनदेन से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन में जांच आगे बढ़ाई गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने हरिशंकर गुप्ता को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की विवेचना जारी है।

