धमतरी, 3 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच प्रमुख जलाशयों में पानी की आवक तेजी से बढ़ रही है। जलाशयों में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन ने नदी-नालों और संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी बढ़ा दी है। गंगरेल जलाशय 97.40 प्रतिशत और मुरूमसिल्ली जलाशय 98.61 प्रतिशत भर चुका है।
गंगरेल जलाशय से फिलहाल तीन गेटों के जरिए कुल 4670 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इसमें 1410 क्यूसेक पानी रुद्री बैराज के माध्यम से महानदी मुख्य नहर में और 3360 क्यूसेक पानी महानदी नदी में प्रवाहित किया जा रहा है।
महानदी किनारे बसे गांवों में अलर्ट
गंगरेल से महानदी में पानी छोड़े जाने के कारण नदी के जलस्तर में और बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए प्रशासन ने महानदी के किनारे बसे गांवों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन ने ग्रामीणों से नदी, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों के पास नहीं जाने की अपील की है। साथ ही लोगों को अनावश्यक रूप से नदी पार करने से बचने की सलाह दी गई है।
निचले और संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों को स्थिति बिगड़ने पर प्रशासन द्वारा चिन्हित सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर जाने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।
अधिकारियों को लगातार निगरानी के निर्देश
ग्रामीण क्षेत्रों में संबंधित अधिकारियों, मैदानी अमले और स्थानीय प्रशासन को जलस्तर पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। जरूरत पड़ने पर संवेदनशील क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की व्यवस्था करने को कहा गया है।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने जिलेवासियों से सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जलाशयों में पानी की अच्छी आवक को देखते हुए प्रशासन पूरी स्थिति की लगातार निगरानी कर रहा है।
कलेक्टर ने महानदी किनारे बसे गांवों के लोगों से नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों से पर्याप्त दूरी बनाए रखने तथा प्रशासन की ओर से जारी चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।
जलाशयों की स्थिति
जलाशय जलभराव पानी की आवक
गंगरेल जलाशय 97.40% 3365 क्यूसेक
मुरूमसिल्ली जलाशय 98.61% 362 क्यूसेक
दुधावा जलाशय 86.86% 437 क्यूसेक
सोंढूर जलाशय 69.25% 167 क्यूसेक
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है—नदी के किनारे न जाएं, जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें, बच्चों को नदी-नालों के पास न जाने दें और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर चले जाएं।सावधान रहें, सुरक्षित रहें।


