काराकास/वेनेजुएला: दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में आए दो शक्तिशाली भूकंपों ने भारी तबाही मचा दी है। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, मृतकों की संख्या 10 हजार से लेकर 1 लाख तक पहुंच सकती है। भूकंप के बाद देशभर में आपातकाल (इमरजेंसी) घोषित कर दिया गया है और राहत-बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं।
एक मिनट के भीतर आए दो शक्तिशाली झटके
बताया जा रहा है कि एक मिनट के भीतर 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो भूकंप आए, जिनसे राजधानी काराकास समेत कई शहरों में इमारतें धराशायी हो गईं। भूकंप के बाद 20 से अधिक आफ्टरशॉक भी महसूस किए गए, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है।
राष्ट्रपति ने की एकता की अपील
कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज़ ने राष्ट्र के नाम संबोधन में देश में आपातकाल की घोषणा की। उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए नागरिकों से एकजुट रहने की अपील की। सरकार ने आपदा प्रबंधन की कमान एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी को सौंप दी है।
एयरपोर्ट, स्कूल और मेट्रो सेवाएं बंद
भूकंप से हुए भारी नुकसान के चलते माइकेटिया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया गया है। ट्रेन और मेट्रो सेवाएं भी रोक दी गई हैं, जबकि सप्ताह के शेष दिनों के लिए स्कूल-कॉलेज बंद रखने का फैसला किया गया है।
गैस सप्लाई रोकी गई
गृह मंत्री डियोसडाडो कैबेल्लो ने बताया कि सुरक्षा कारणों से देश के कई हिस्सों में गैस आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है। सरकार को आशंका है कि क्षतिग्रस्त इमारतों में गैस रिसाव से बड़े हादसे हो सकते हैं।
मलबे में फंसे लोग लगा रहे मदद की गुहार
स्थानीय मीडिया और अंतरराष्ट्रीय रिपोर्टों के अनुसार, कई इमारतों के मलबे के नीचे लोग फंसे हुए हैं और मदद के लिए पुकार रहे हैं। कई इलाकों में बिजली और संचार सेवाएं ठप हो गई हैं, जिससे राहत कार्यों में कठिनाइयां आ रही हैं।
अमेरिका समेत कई देशों ने बढ़ाया मदद का हाथ
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका वेनेजुएला की हरसंभव सहायता के लिए तैयार है। अमेरिका खोज एवं बचाव दल, चिकित्सा सहायता और मानवीय राहत सामग्री भेजने की तैयारी कर रहा है।
इसके अलावा अल साल्वाडोर, ब्राजील और इक्वाडोर सहित कई देशों ने भी राहत सामग्री और बचावकर्मियों को भेजने की घोषणा की है।
क्यों आया इतना बड़ा भूकंप?
विशेषज्ञों के अनुसार, वेनेजुएला कैरिबियन और दक्षिण अमेरिकी टेक्टोनिक प्लेटों के जंक्शन पर स्थित है। इन प्लेटों के बीच अचानक हुई क्षैतिज हलचल (स्ट्राइक-स्लिप फॉल्टिंग) के कारण यह शक्तिशाली भूकंप आया।
आगे भी रह सकता है खतरा
भूकंप वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में 3 से 5 तीव्रता तक के कई आफ्टरशॉक महसूस हो सकते हैं। हालांकि 6 या 7 तीव्रता के बड़े भूकंप की संभावना फिलहाल कम बताई जा रही है।
भारी जनहानि की आशंका
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के शुरुआती आकलन के अनुसार, यह आपदा बेहद विनाशकारी साबित हो सकती है। बड़े पैमाने पर जान-माल के नुकसान की आशंका जताई गई है और मृतकों की संख्या 10 हजार से 1 लाख के बीच पहुंचने की संभावना व्यक्त की जा रही है।
राहत एवं बचाव कार्य जारी हैं और दुनिया भर की नजरें अब वेनेजुएला की स्थिति पर टिकी हुई हैं।


