रायपुर | रायपुर के बूढ़ा तालाब में शाम 4 बजे जुटेंगे कार्यकर्ता, NEET पेपर लीक और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शनसोनम वांगचुक के समर्थन और विभिन्न मुद्दों को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने छत्तीसगढ़ में बड़े स्तर पर कार्यक्रम का ऐलान किया है। पार्टी आज प्रदेश की सभी 90 विधानसभा सीटों में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन करेगी। राजधानी रायपुर में मुख्य कार्यक्रम बूढ़ा तालाब परिसर में शाम 4 बजे आयोजित किया जाएगा, जिसमें पार्टी के नेता, कार्यकर्ता, छात्र, युवा और आम नागरिक बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की गई है।
आम आदमी पार्टी का कहना है कि यह आयोजन केवल धार्मिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं है, बल्कि देश और प्रदेश में शांति, सद्भाव, सकारात्मक सोच, नैतिक मूल्यों और जनसेवा की भावना को मजबूत करने का सामूहिक संकल्प है। पार्टी के अनुसार, हनुमान चालीसा पाठ के माध्यम से सोनम वांगचुक के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद की जाएगी और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा का संदेश दिया जाएगा।
सोनम वांगचुक के समर्थन में AAP का विरोध प्रदर्शन
AAP नेताओं ने आरोप लगाया कि सोनम वांगचुक के खिलाफ की गई कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। पार्टी का कहना है कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने वालों की आवाज दबाने का प्रयास नहीं होना चाहिए। आम आदमी पार्टी ने इस मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाते हुए लोकतांत्रिक अधिकारों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की रक्षा की मांग की है।
NEET पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था पर उठाएगी सवाल
कार्यक्रम के दौरान आम आदमी पार्टी NEET समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और कथित अनियमितताओं का मुद्दा भी उठाएगी। पार्टी का आरोप है कि परीक्षा प्रणाली में गड़बड़ियों के कारण देश के लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है।AAP ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग की है। पार्टी का कहना है कि छात्रों के हितों की रक्षा के लिए पारदर्शी और निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था लागू करना जरूरी है।
AAP की प्रमुख मांगें
- सोनम वांगचुक के खिलाफ की गई कार्रवाई को समाप्त किया जाए।
- शांतिपूर्ण आंदोलनों में शामिल लोगों के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा की जाए।
- NEET और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक व अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
- परीक्षा व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी और भरोसेमंद बनाया जाए।
- युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
प्रदेशभर में कार्यकर्ताओं से जुटने की अपील
आम आदमी पार्टी ने छत्तीसगढ़ के सभी विधानसभा क्षेत्रों में होने वाले कार्यक्रमों में आम नागरिकों, युवाओं और छात्रों से बड़ी संख्या में भाग लेने की अपील की है। पार्टी का कहना है कि यह आयोजन देश में नैतिकता, न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।रायपुर में होने वाले मुख्य कार्यक्रम को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है। वहीं, राजनीतिक नजरिए से भी इस आयोजन को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि AAP शिक्षा व्यवस्था, युवाओं के मुद्दों और लोकतांत्रिक अधिकारों को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है।


