Saturday, July 25, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

नकटी से राजभवन तक कांग्रेस की पदयात्रा आज, बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में राज्यपाल को सौंपेगी ज्ञापन

रायपुर। नकटी गांव में हुई बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस आज बड़ा प्रदर्शन करेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में प्रभावित परिवारों के साथ नकटी गांव से राजभवन (लोकभवन) तक पदयात्रा निकाली जाएगी। पदयात्रा के समापन पर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर प्रभावित परिवारों को न्याय, उचित पुनर्वास और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की जाएगी।
कांग्रेस ने राज्यपाल से मुलाकात के लिए समय मांगा है और इस संबंध में राजभवन को रिमाइंडर पत्र भी भेजा गया है। पार्टी को उम्मीद है कि आज प्रतिनिधिमंडल को मुलाकात का समय मिल जाएगा।

पदयात्रा की तैयारियां पूरी

पदयात्रा की रणनीति को अंतिम रूप देने के लिए सोमवार को राजीव भवन में कांग्रेस नेताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू ने कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा करते हुए नेताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपीं।
बैठक में पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष धनेन्द्र साहू, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, अनीता शर्मा, प्रदेश महामंत्री दीपक मिश्रा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन, ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे, पूर्व महापौर प्रमोद दुबे, एजाज ढेबर, नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी और बीरगांव महापौर नंदलाल देवांगन सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

न्याय और पुनर्वास की मांग

कांग्रेस का आरोप है कि 29 जून को नकटी गांव में हुई बुलडोजर कार्रवाई में गरीब परिवारों के मकान तोड़े गए। पार्टी का कहना है कि प्रभावित परिवारों को न्याय, उचित पुनर्वास और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जानी चाहिए। कांग्रेस इस मुद्दे को विधानसभा में भी प्रमुखता से उठाने की तैयारी में है।

ट्रैफिक एडवाइजरी जारी

पदयात्रा के मद्देनजर रायपुर ट्रैफिक पुलिस ने आम नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है।

  • समय: सुबह 11:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक
  • रूट: श्रीराम मंदिर तिराहा (करेंसी टॉवर) से तेलीबांधा थाना तिराहा
  • व्यवस्था: इस मार्ग की सर्विस रोड पूरी तरह बंद रहेगी।

महासमुंद से दुर्ग की ओर जाने वाले वाहन चालकों से मुख्य मार्ग का उपयोग करने और सर्विस रोड से बचने की अपील की गई है। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से यातायात कर्मियों के निर्देशों का पालन कर सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने का अनुरोध किया है।

Popular Articles