Saturday, July 11, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

‘एक पेड़ एक जिंदगी’ महाअभियान की शुरुआत स्कूली बच्चों के साथ 200 पौधों का रोपण

रायपुर। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प के साथ दैनिक भास्कर के देशव्यापी ‘एक पेड़, एक जिंदगी’ महाअभियान का मंगलवार को रायपुर में उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। अभियान के पहले दिन स्कूली बच्चों, शिक्षकों, पर्यावरण प्रेमियों और दैनिक भास्कर की टीम ने मिलकर बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया तथा लोगों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लेने की अपील की।

अभियान के तहत रायपुर के देवपुरी स्थित प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय परिसर में 200 पौधे लगाए गए। पौधरोपण कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य एम.एल. साहू, प्रधान पाठक रेखा डहरिया, पर्यावरण प्रेमी विद्याभूषण दुबे, शिक्षिका सविता शिंदे, नम्रता कौशल, ऋचा देवांगन, मंजू दुबे, मधु साहू सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र-छात्राएं और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और लगातार घटते हरित क्षेत्र को देखते हुए पौधरोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है। केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही जरूरी है, ताकि वे भविष्य में बड़े वृक्ष बनकर पर्यावरण को सुरक्षित रखने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।

महाअभियान के तहत मंगलवार को रायपुर के रजबंधा मैदान स्थित दैनिक भास्कर कार्यालय तथा भनपुरी स्थित प्लांट परिसर में भी बड़ी संख्या में पौधे लगाए गए। इस दौरान दैनिक भास्कर की टीम ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए लोगों से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी जिम्मेदारी लेने का आह्वान किया।

गौरतलब है कि 7 जुलाई से शुरू हुआ यह देशव्यापी अभियान 6 अगस्त तक चलेगा, जिसके तहत देशभर में 75 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वहीं छत्तीसगढ़ में रायपुर सहित विभिन्न जिलों में 40 हजार से अधिक पौधों का रोपण किया जाएगा। अभियान के माध्यम से विद्यालयों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों को जोड़कर पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने का प्रयास किया जा रहा है।

दैनिक भास्कर का यह अभियान केवल पौधरोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने, हरियाली को संरक्षित करने और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने का एक सार्थक प्रयास भी है। आयोजकों ने लोगों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उनकी नियमित देखभाल कर इस अभियान को सफल बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं।

Popular Articles