रायपुर। रायपुर जिले के नकटी गांव में हुई बुलडोजर कार्रवाई और प्रस्तावित विधायक निवास निर्माण को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने आज से प्रदेशव्यापी हस्ताक्षर अभियान शुरू करने की घोषणा की है। पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी छत्तीसगढ़ की सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में संबंधित विधायकों से मुलाकात कर उनसे लिखित सहमति मांगेंगे कि वे गरीबों के उजड़े आशियानों की जमीन पर बनने वाले विधायक निवास को स्वीकार नहीं करेंगे।
AAP का कहना है कि यदि गरीब परिवारों को विस्थापित कर जनप्रतिनिधियों के लिए आवास बनाए जाते हैं, तो यह सामाजिक न्याय, लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की भावना के विपरीत है। पार्टी ने इस मुद्दे को केवल नकटी गांव तक सीमित न बताते हुए इसे प्रदेश के गरीबों, किसानों और आम नागरिकों के सम्मान से जुड़ा विषय बताया है।
- विधायकों को सौंपेंगे ज्ञापन
अभियान के तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में पार्टी का प्रतिनिधिमंडल संबंधित विधायक को ज्ञापन और सहमति-पत्र सौंपेगा। साथ ही उनसे लिखित रूप में यह स्पष्ट करने का आग्रह किया जाएगा कि वे ऐसी किसी भी योजना का समर्थन नहीं करेंगे, जिसमें गरीब परिवारों को उजाड़कर विधायक आवास बनाए जाएं।
- ‘व्यक्ति नहीं, व्यवस्था के खिलाफ अभियान’
AAP ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल के खिलाफ नहीं, बल्कि न्याय, संवेदना और संविधान के मूल्यों की रक्षा के लिए चलाया जा रहा है। पार्टी का दावा है कि पूरे प्रदेश में यह कार्यक्रम शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से आयोजित किया जाएगा।
- प्रदेशभर के कार्यकर्ताओं को निर्देश
पार्टी ने अपने प्रदेश पदाधिकारियों, जोन प्रभारियों, जिलाध्यक्षों, विधानसभा प्रभारियों, ब्लॉक अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं को अभियान में सक्रिय भागीदारी के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी जिलों से अभियान की फोटो, वीडियो और विस्तृत रिपोर्ट उसी दिन प्रदेश कार्यालय भेजने को कहा गया है।
- ‘यह सिर्फ नकटी नहीं, हर गरीब की लड़ाई’
AAP का कहना है कि नकटी गांव का मुद्दा केवल एक गांव तक सीमित नहीं है, बल्कि उन सभी गरीब परिवारों की लड़ाई है, जिन्हें विकास परियोजनाओं के नाम पर कभी भी विस्थापन का सामना करना पड़ सकता है। पार्टी ने प्रभावित परिवारों के सम्मानजनक पुनर्वास और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए अपना आंदोलन आगे भी जारी रखने की बात कही है।


