Wednesday, September 23, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

तालाब में छिपाकर रखी थी महुआ शराब, तलाशी में 1050 किलो महुआ लाहन भी बरामद; एक आरोपी गिरफ्तार

सक्ती। जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत 13 सितंबर को जैजैपुर और बाराद्वार थाना क्षेत्र में आबकारी टीम ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की। इस दौरान एक आरोपी को अवैध महुआ शराब बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया, जबकि दूसरे मामले में तालाब में छिपाकर रखी गई महुआ शराब और बड़ी मात्रा में महुआ लाहन बरामद किया गया।

भातमाहुल में नकली ग्राहक भेजकर की कार्रवाई

आबकारी विभाग को हसौद थाना क्षेत्र के ग्राम भातमाहुल में अवैध महुआ शराब की बिक्री की सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि के लिए टीम ने पहले एक नकली ग्राहक भेजा। शराब की बिक्री की पुष्टि होने के बाद आबकारी टीम ने भातमाहुल निवासी सुनील कुमार के घर पर दबिश दी।

तलाशी के दौरान दो प्लास्टिक जरीकेन में कुल 10 लीटर महुआ शराब बरामद की गई। इसके अलावा चार प्लास्टिक बोरियों में करीब 60 किलो महुआ लाहन भी मिला। आबकारी टीम ने शराब और लाहन को जब्त कर लिया।

मामले में आरोपी सुनील कुमार के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क), 34(1)(च) और 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से रिमांड मिलने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।

तालाब में छिपाकर रखी थी 36 लीटर महुआ शराब

इसी अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम ने बाराद्वार थाना क्षेत्र के ग्राम मुक्ता राजा में भी कार्रवाई की। टीम को सूचना मिली थी कि तालाब में महुआ शराब और लाहन छिपाकर रखा गया है। सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची टीम ने जांच की तो तालाब में छिपाकर रखी गई करीब 36 लीटर महुआ शराब बरामद हुई।

तलाशी के दौरान टीम को 70 प्लास्टिक बोरियों में करीब 1050 किलो महुआ लाहन भी मिला। आबकारी विभाग ने लाहन का नियमानुसार सैंपल लिया और इसके बाद शेष लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया।

कलेक्टर के निर्देश पर चलाया गया अभियान

आबकारी विभाग के मुताबिक जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। यह अभियान कलेक्टर जयश्री जैन और जिला आबकारी अधिकारी नितिन शुक्ला के निर्देश पर चलाया गया।

कार्रवाई सहायक जिला आबकारी अधिकारी आशीष उप्पल के नेतृत्व में की गई। जैजैपुर प्रभारी घनश्याम प्रधान सहित आबकारी टीम ने दोनों स्थानों पर दबिश देकर अवैध शराब और महुआ लाहन बरामद किया।

आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभाग की इस कार्रवाई से अवैध शराब बनाने और बेचने वालों में हड़कंप की स्थिति है।

Popular Articles