Thursday, September 24, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

UGC Rollback को लेकर 20 सितंबर को जंतर-मंतर पर सवर्ण महापंचायत, डॉ. राज सिंह शेखावत और वीरेंद्र सिंह तोमर के नेतृत्व में तैयारी तेज, छत्तीसगढ़ में भी हो रही बैठक

रायपुर। UGC Rollback को लेकर सवर्ण समाज का विरोध अब देशव्यापी आंदोलन का रूप लेता दिखाई दे रहा है। इसी कड़ी में आगामी 20 सितंबर को दिल्ली के जंतर-मंतर मैदान में सवर्ण समाज की महापंचायत आयोजित की जाएगी। महापंचायत में यूजीसी के नए इक्विटी रेगुलेशन 2026 को लेकर अपनी आपत्तियां रखते हुए इसे वापस लेने की मांग उठाई जाएगी।

महापंचायत को सफल बनाने के लिए छत्तीसगढ़ में भी तैयारियां तेज कर दी गई हैं। क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राजसिंह शेखावत और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह तोमर के मार्गदर्शन में प्रदेश के अलग-अलग जिलों में बैठकों का सिलसिला चल रहा है। इन बैठकों में संगठन की आगामी रणनीति के साथ अधिक से अधिक लोगों को दिल्ली पहुंचाने को लेकर चर्चा की जा रही है।

नए यूजीसी नियमों को लेकर विरोध

सवर्ण समाज से जुड़े संगठनों और प्रतिनिधियों का कहना है कि यूजीसी के नए प्रावधानों को भेदभाव रोकने के उद्देश्य से लागू किया गया है, लेकिन इसके कुछ प्रावधानों को लेकर सामान्य वर्ग के हितों पर असर पड़ने की आशंका है। संगठनों का आरोप है कि नियमों की भाषा और प्रावधानों को लेकर कई स्तर पर असमंजस है और भविष्य में इनके दुरुपयोग की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

इसी मुद्दे को लेकर देश के अलग-अलग हिस्सों में बैठक, सभा और पदयात्राओं के जरिए विरोध दर्ज कराया जा रहा है। सवर्ण समाज से जुड़े संगठन नए नियमों को वापस लेने की मांग को लेकर लगातार आवाज उठा रहे हैं।

https://www.instagram.com/p/DcvSgIEp2D_/?hl=en

छत्तीसगढ़ में जिला स्तर पर रणनीति

दिल्ली में प्रस्तावित महापंचायत को लेकर छत्तीसगढ़ में संगठन ने जिला स्तर पर सक्रियता बढ़ा दी है। अलग-अलग जिलों में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठकें आयोजित कर महापंचायत में भागीदारी को लेकर रणनीति तैयार की जा रही है।

क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राजसिंह शेखावत की रणनीति को छत्तीसगढ़ में आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह तोमर संभाल रहे हैं। तोमर लगातार कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक कर उन्हें महापंचायत के उद्देश्य और संगठन की आगामी गतिविधियों से अवगत करा रहे हैं।

आसपास के जिलों से कार्यकर्ताओं को भी दिल्ली में होने वाली महापंचायत में शामिल होने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। संगठन का प्रयास है कि 20 सितंबर को जंतर-मंतर पर बड़ी संख्या में सवर्ण समाज के लोग एकत्रित हों और यूजीसी नियमों में बदलाव या रोलबैक की मांग को मजबूती से उठाया जाए।

शेखावत-तोमर की रणनीति पर छत्तीसगढ़ में फोकस

संगठन से जुड़े पदाधिकारियों का कहना है कि यूजीसी के प्रावधानों को लेकर देशभर में समाज के बीच चर्चा बढ़ रही है। इसी मुद्दे को लेकर क्षत्रिय करणी सेना पिछले कुछ समय से अलग-अलग स्तर पर अभियान चला रही है।

प्रदेश में वीरेंद्र सिंह तोमर की सक्रियता के चलते जिला स्तर की बैठकों और जनसंपर्क को गति दी जा रही है। कार्यकर्ताओं को यह समझाया जा रहा है कि यदि नए प्रावधानों का गलत इस्तेमाल होता है तो इसका असर सामान्य वर्ग के हितों पर पड़ सकता है। इसी वजह से संगठन UGC Rollback की मांग को लेकर आंदोलन को और व्यापक बनाने की तैयारी में जुटा है।

20 सितंबर की जंतर-मंतर महापंचायत को इसी अभियान की अहम कड़ी माना जा रहा है। अब नजर इस बात पर है कि दिल्ली में होने वाली इस महापंचायत में सवर्ण समाज की कितनी बड़ी भागीदारी होती है और आंदोलन आगे किस दिशा में बढ़ता है।

Popular Articles