रायपुर। राजधानी रायपुर में वाहन चोरी के मामले में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) और पंडरी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने एक शातिर हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान खरोरा थाना क्षेत्र निवासी अभिषेक राय उर्फ जीतू (26 वर्ष) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की 3 बाइक और वारदात में इस्तेमाल की गई 1 पल्सर बाइक सहित कुल 4 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। जब्त वाहनों की कुल कीमत करीब 2 लाख रुपए बताई जा रही है। मामले में आरोपी के फरार भाई की तलाश जारी है।
चोरी के बाद बदल देता था नंबर प्लेट
पुलिस के अनुसार, आरोपी चोरी किए गए वाहनों की पहचान छिपाने के लिए उनकी नंबर प्लेट बदल देता था। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने विधानसभा क्षेत्र में घेराबंदी कर अभिषेक राय को एक टीवीएस बाइक के साथ पकड़ा।पूछताछ के दौरान जब पुलिस ने वाहन के दस्तावेज मांगे तो आरोपी संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपने भाई के साथ मिलकर पंडरी स्थित बालाजी अस्पताल की पार्किंग और विधानसभा क्षेत्र से बाइक चोरी करने की बात कबूल की।
पल्सर बाइक से करता था रेकी
जांच में सामने आया कि आरोपी और उसका भाई अपनी पल्सर बाइक (CG 04 NT 7546) से शहर के अलग-अलग इलाकों में घूमकर पहले वाहनों की रेकी करते थे। इसके बाद मौका देखकर सुनसान जगहों से दोपहिया वाहन चोरी कर फरार हो जाते थे।
पहले भी दर्ज हो चुके हैं कई अपराध
पुलिस के मुताबिक, अभिषेक राय उर्फ जीतू के खिलाफ रायपुर के विभिन्न थानों में चोरी, वाहन चोरी और डकैती सहित 15 से अधिक अपराध दर्ज हैं। इसके अलावा वह दुर्ग जिले के अंडा थाना क्षेत्र में दर्ज बैंक डकैती के मामले में भी जेल जा चुका है।फिलहाल पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है और उसके फरार साथी की तलाश में जुटी हुई है।


