Thursday, September 24, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

CRPF की बड़ी कार्रवाई, 14 नक्सल डंप बरामद; IED, रायफल और हथियार बनाने की सामग्री जब्त

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान CRPF की 199वीं वाहिनी को बड़ी सफलता मिली है। 5 सितंबर 2026 को सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने एड़ी, हर्री, नयापारा, सरपंचपारा, पीडिया और कुआपगुड़ा के जंगलों में सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान नक्सलियों द्वारा अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखे गए 14 नक्सल डंप बरामद किए गए।

सूचना के आधार पर चलाया गया सर्च ऑपरेशन

अभियान विश्वसनीय सूचना के आधार पर कमांडेंट आनंद कुमार के मार्गदर्शन और उप कमांडेंट दर्शन यादव की निगरानी में चलाया गया। बी-199 कंपनी और यंग प्लाटून के जवानों ने जंगल क्षेत्र की घेराबंदी करते हुए चरणबद्ध तरीके से तलाशी अभियान को अंजाम दिया।

बी-199 कंपनी कमांडर अजित कुमार डेका और एफ-199 कंपनी निरीक्षक नीरज कुमार के नेतृत्व में जवानों ने संवेदनशील इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया। तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों को नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री मिली।

10 IED समेत 7 रायफल बरामद

सुरक्षा बलों के मुताबिक, बरामद सामान में 10 IED, 8 डेटोनेटर और 7 रायफल शामिल हैं। इनमें एक .303 बोल्ट एक्शन रायफल, पांच भरमार रायफल और एक 12 बोर देशी रायफल बरामद हुई है।

इसके अलावा कोडेक्स वायर, बिना बैटरी का वायरलेस सेट, चार प्लास्टिक कंटेनर और तीन बड़े स्टील कंटेनर भी मिले हैं। सुरक्षा बलों ने IED तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली विभिन्न सामग्रियों, इलेक्ट्रिक उपकरणों और नक्सलियों से जुड़े कपड़ों समेत कुल 99 प्रकार की सामग्री बरामद की है।

सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने की थी तैयारी

CRPF के अनुसार, बरामद सामग्री को जंगल में इस तरह छिपाकर रखा गया था कि जरूरत पड़ने पर इसका इस्तेमाल सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के लिए किया जा सके। अभियान के दौरान जवानों ने इलाके की घेराबंदी कर पूरी सावधानी के साथ सर्चिंग की, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

एड़ी, हर्री, पीडिया, कुआपगुड़ा और आसपास के जंगल पहले नक्सली गतिविधियों के लिहाज से संवेदनशील माने जाते रहे हैं। CRPF की ओर से लगातार चलाए जा रहे आसूचना आधारित अभियानों के चलते क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों पर दबाव बढ़ा है।

नक्सल प्रभाव कम करने के लिए अभियान जारी

199वीं वाहिनी के कमांडेंट आनंद कुमार ने कहा कि CRPF आम नागरिकों की सुरक्षा, क्षेत्र में शांति और विकास का माहौल कायम करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आगे भी आसूचना आधारित अभियानों को और प्रभावी बनाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र को नक्सलमुक्त बनाने के लक्ष्य के साथ सुरक्षा बलों का अभियान लगातार जारी रहेगा।

Popular Articles