Tuesday, July 14, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

छत्तीसगढ़ को मिली पांच नए सरकारी मेडिकल कॉलेजों की सौगात, 250 नई MBBS सीटों को NMC की मंजूरी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ा विस्तार होने जा रहा है। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) ने राज्य के पांच नए शासकीय मेडिकल कॉलेजों को शैक्षणिक सत्र 2026-27 से संचालित करने की मंजूरी प्रदान कर दी है। प्रत्येक कॉलेज में 50-50 एमबीबीएस सीटें स्वीकृत की गई हैं, जिससे प्रदेश में कुल 250 नई MBBS सीटों की बढ़ोतरी होगी।मंजूरी मिलने के बाद गीदम (दंतेवाड़ा), कुनकुरी (जशपुर), मनेन्द्रगढ़, जांजगीर-चांपा और कबीरधाम में नए सरकारी मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जाएंगे। इन संस्थानों के शुरू होने से विशेष रूप से आदिवासी और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अपने ही जिले या आसपास उच्च चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा नया आधार

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस मंजूरी को प्रदेश के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य चिकित्सा शिक्षा का विस्तार करने के साथ-साथ ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि नए मेडिकल कॉलेज केवल डॉक्टर तैयार करने तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा अनुसंधान और आधुनिक स्वास्थ्य अधोसंरचना के विकास के प्रमुख केंद्र भी बनेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन कॉलेजों के शुरू होने से भविष्य में प्रदेश में डॉक्टरों की संख्या बढ़ेगी, जिससे मरीजों को बेहतर इलाज के लिए बड़े शहरों पर निर्भरता कम होगी और स्थानीय स्तर पर ही विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

युवाओं के लिए बढ़ेंगे अवसर

नई MBBS सीटों के जुड़ने से छत्तीसगढ़ के हजारों मेडिकल अभ्यर्थियों को राज्य में ही पढ़ाई का अवसर मिलेगा। अब छात्रों को सीमित सीटों के कारण दूसरे राज्यों का रुख कम करना पड़ेगा। चिकित्सा शिक्षा का विस्तार प्रदेश में स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से छत्तीसगढ़ की स्वास्थ्य अधोसंरचना लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि नए मेडिकल कॉलेज प्रदेश की चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देंगे तथा आम नागरिकों को बेहतर और सुलभ इलाज उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Popular Articles