देहरादून। उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों को देखते हुए कांग्रेस ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने पूरे राज्य में व्यापक जनसंपर्क अभियान शुरू करने की घोषणा की है। यह अभियान 28 जून से शुरू होगा, जिसके तहत कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर जनता से सीधे संवाद करेंगे।
- जनता से सीधे संवाद पर रहेगा फोकस
कांग्रेस का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य प्रदेश की जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुनना और राज्य सरकार की कथित नाकामियों को उजागर करना है। पार्टी शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, पेपर लीक की घटनाओं, महंगाई और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों को प्रमुखता से जनता के सामने उठाएगी।
- चार जोन में बंटेगा अभियान, दिग्गज नेताओं को मिली जिम्मेदारी
अभियान के पहले चरण में 10 जिलों को चार जोन में विभाजित किया गया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल पहले जोन का नेतृत्व करेंगे, जबकि अन्य जोनों की जिम्मेदारी वरिष्ठ नेताओं हरक सिंह रावत, प्रीतम सिंह और करण माहरा को सौंपी गई है। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य भी सभी जोनों में अभियान को मजबूती देने के लिए शामिल होंगे।
- संगठन मजबूत करने के साथ सरकार को घेरने की तैयारी
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि मुख्य विपक्षी दल होने के नाते कांग्रेस की जिम्मेदारी है कि वह जनता के बीच जाकर जमीनी हकीकत सामने रखे और सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। पार्टी का दावा है कि यह जनसंपर्क अभियान 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने और जनता का विश्वास हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


