Monday, August 24, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

Raipur Crime News: डीडी नगर थाना क्षेत्र में चाकूबाजी की दो वारदात, दो युवकों की मौत

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में देर रात चाकूबाजी की दो अलग-अलग घटनाओं ने सनसनी फैला दी। दोनों वारदातें डीडी नगर थाना क्षेत्र में हुईं, जिनमें दो युवकों की मौत हो गई। घटनाओं के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

रायपुरा चौक पर विवाद के बाद चाकूबाजी

पहली घटना रायपुरा चौक स्थित सुमीत बाजार के सामने की बताई जा रही है। देर रात टिकेंद्र देवांगन और कैलाश निषाद के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है।

बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान टिकेंद्र देवांगन ने कैलाश निषाद पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद कैलाश ने चाकू अपने कब्जे में लेकर टिकेंद्र पर वार कर दिए। हमले में टिकेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कैलाश निषाद गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए एम्स में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

चंगौराभाठा में आपसी रंजिश में युवक की हत्या

दूसरी घटना चंगौराभाठा इलाके की है। यहां रात करीब 9 बजे आपसी रंजिश को लेकर भोला विश्वकर्मा पर चाकू से हमला किए जाने की बात सामने आई है। आरोप है कि आशीष नाम के युवक ने भोला पर चाकू से हमला किया।

गंभीर रूप से घायल भोला विश्वकर्मा को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां मेकाहारा में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी आशीष के फरार होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

पुलिस जांच में जुटी

डीडी नगर थाना क्षेत्र में एक ही रात हुई चाकूबाजी की इन दो घटनाओं के बाद इलाके में पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है। पुलिस दोनों मामलों में घटनास्थल, प्रत्यक्षदर्शियों और विवाद की वजह समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया है।

Popular Articles