Wednesday, August 26, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

शरद पवार की ‘सरप्राइज विजिट’ से महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल, डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे से मुलाकात ने बढ़ाई अटकलें

मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में गुरुवार को उस समय हलचल तेज हो गई, जब राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के प्रमुख शरद पवार ने विधान भवन में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से मुलाकात की। हालांकि इस मुलाकात को दोनों नेताओं की ओर से शिष्टाचार भेंट बताया गया है, लेकिन इसके राजनीतिक मायनों को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

जानकारी के अनुसार, शरद पवार महाराष्ट्र-कर्नाटक सीमा विवाद को लेकर महाराष्ट्र एकीकरण समिति की बैठक में शामिल होने के लिए विधान भवन पहुंचे थे। बैठक के बाद वह सीधे उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के कक्ष में पहुंचे, जहां दोनों नेताओं के बीच कुछ देर तक बातचीत हुई। मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने राजनीतिक और समसामयिक मुद्दों पर चर्चा की।

बैठक समाप्त होने के बाद एकनाथ शिंदे अपने निर्धारित कार्यक्रम में लौट गए, जबकि शरद पवार कुछ समय तक उनके कक्ष में ही रुके और अपने विधायकों के साथ अलग से चर्चा करते रहे। इसी वजह से इस मुलाकात को लेकर राजनीतिक गलियारों में कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।

  • क्या हैं इस मुलाकात के राजनीतिक मायने?

यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब हाल ही में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के छह सांसद एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हुए हैं। इसके बाद राजनीतिक चर्चाओं में यह सवाल उठने लगा कि क्या शिंदे अब अन्य विपक्षी दलों के नेताओं और जनप्रतिनिधियों को भी अपने साथ जोड़ने की रणनीति पर काम कर रहे हैं।

इसी बीच शरद पवार और शिंदे की मुलाकात ने इन अटकलों को और हवा दे दी है। हालांकि दोनों पक्षों की ओर से किसी भी तरह की राजनीतिक चर्चा या नए समीकरण की संभावना से इनकार किया गया है और इसे सामान्य शिष्टाचार मुलाकात बताया गया है।

  • राजनीतिक संदेश पर नजर

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि महाराष्ट्र की बदलती राजनीति में वरिष्ठ नेताओं की ऐसी मुलाकातें अक्सर कई संकेत छोड़ जाती हैं। खासकर तब, जब राज्य में सत्ता और विपक्ष के बीच लगातार नए राजनीतिक समीकरण बनने और बदलने की चर्चाएं चल रही हों।

फिलहाल इस मुलाकात को लेकर कोई आधिकारिक राजनीतिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन आने वाले दिनों में महाराष्ट्र की राजनीति किस दिशा में आगे बढ़ेगी, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

Popular Articles