नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर NEET-UG 2026 परीक्षा के पेपर लीक होने का दावा करने वाला एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को लेकर छात्रों और अभिभावकों के बीच चिंता का माहौल बन गया था। हालांकि, इस पूरे मामले पर राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने स्पष्ट बयान जारी करते हुए वायरल दावों को पूरी तरह फर्जी और भ्रामक बताया है।NTA के अनुसार, NEET-UG 2026 की परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और व्यापक निगरानी के बीच सफलतापूर्वक आयोजित की गई। एजेंसी ने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में किया गया पेपर लीक का दावा निराधार है और इसका वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है।
- सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक यूजर द्वारा साझा किए गए वीडियो में दावा किया गया था कि NEET-UG 2026 का प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले लीक हो गया था। वीडियो वायरल होने के बाद कई छात्रों ने इसकी सत्यता पर सवाल उठाए और जांच की मांग की।
- NTA ने चेताया
NTA ने अपने बयान में कहा कि छात्रों को भ्रमित करने, डर पैदा करने या गुमराह करने के उद्देश्य से ऐसी झूठी और भ्रामक जानकारी फैलाना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। एजेंसी ने बताया कि वह भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) और अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ मिलकर मामले की जांच कर रही है तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- छात्रों और अभिभावकों से अपील
NTA ने छात्रों, अभिभावकों और आम जनता से अपील की है कि वे परीक्षा से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट और सत्यापित सोशल मीडिया हैंडल पर ही भरोसा करें। साथ ही, अपुष्ट और भ्रामक सामग्री को आगे साझा करने से बचें।
- 20 लाख से अधिक छात्रों ने दी परीक्षा
रविवार को आयोजित NEET-UG 2026 परीक्षा में 20 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। परीक्षा के सफल आयोजन के बाद NTA ने दोहराया कि परीक्षा प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाए गए हैं।NTA के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने कहा कि केंद्र और राज्य एजेंसियों के समन्वित प्रयासों तथा “समग्र-सरकारी दृष्टिकोण” की बदौलत इतने बड़े स्तर की परीक्षा का आयोजन रिकॉर्ड समय में सफलतापूर्वक किया जा सका।


