नागदा जंक्शन। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश में डेयरी और कृषि क्षेत्र को प्रोत्साहित करने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। नागदा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि 25 गायों की डेयरी स्थापित करने वाले हितग्राहियों को 40 लाख रुपये की परियोजना लागत पर राज्य सरकार की ओर से 10 लाख रुपये तक की सहायता प्रदान की जाएगी।मुख्यमंत्री ने बताया कि प्राकृतिक खेती के साथ गोपालन करने वाले किसानों को सरकार हर माह 1,100 रुपये की आर्थिक सहायता भी देगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में दूध उत्पादन बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए डेयरी क्षेत्र को विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है।
- डेलनपुर हनुमान मंदिर में शामिल हुए मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कर्नाटक के राज्यपाल डॉ. थावरचंद गेहलोत के साथ डेलनपुर स्थित प्राचीन बालाजी धाम पहुंचे, जहां उन्होंने नवनिर्मित श्रीराम दरबार की प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में भाग लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में फर्श, पेयजल टंकी और बाउंड्रीवाल निर्माण की घोषणा की।उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण से जुड़े प्रदेश के सभी प्रमुख स्थलों को विकसित कर महत्वपूर्ण तीर्थस्थलों का स्वरूप दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि चित्रकूट के विकास के लिए 2,000 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
- सिंहस्थ की तैयारियों को मिलेगी गति
मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन में आयोजित होने वाले आगामी सिंहस्थ मेले के लिए व्यापक विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि लगभग 40 करोड़ श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए उज्जैन और आसपास के क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। साथ ही जावरा-उज्जैन फोरलेन परियोजना का कार्य भी शुरू हो चुका है, जिसे सिंहस्थ से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
- सामाकोटा बैराज का लोकार्पण, 11 हजार किसान परिवार होंगे लाभान्वित
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने उज्जैन जिले के झारड़ा क्षेत्र में 188.42 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सामाकोटा बैराज परियोजना का लोकार्पण किया। छोटी कालीसिंध नदी पर निर्मित इस बैराज की जल संग्रहण क्षमता 17.57 मिलियन घन मीटर है।
परियोजना के माध्यम से पाइपलाइन आधारित सूक्ष्म दाब सिंचाई व्यवस्था से 18 गांवों की 7,236 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी। इससे 11 हजार से अधिक किसान परिवारों को प्रत्यक्ष लाभ पहुंचेगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अगले पांच वर्षों में प्रदेश का सिंचित रकबा 65 लाख हेक्टेयर से बढ़ाकर 100 लाख हेक्टेयर तक पहुंचाने के लक्ष्य पर कार्य कर रही है।
- विकास कार्यों का लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के 19 करोड़ रुपये से अधिक लागत के विकास कार्यों का भी लोकार्पण किया। इनमें उच्च शिक्षा विभाग का नवीन महाविद्यालय भवन, लोक शिक्षण विभाग के तीन स्कूल भवन, मोचीखेड़ा में 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र तथा झारड़ा क्षेत्र के 13 नवीन उप स्वास्थ्य केंद्र शामिल हैं।उन्होंने डोंगला से होकर गुजरने वाले नए फोरलेन मार्ग के निर्माण की भी घोषणा की।
- किसानों और हितग्राहियों को राहत का भरोसा
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लाड़ली बहना योजना के लंबित भुगतान जल्द जारी किए जाएंगे। वहीं सांसद अनिल फिरोजिया ने कहा कि समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने वाले किसानों का बकाया भुगतान शीघ्र उनके खातों में जमा कराया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि पट्टे के मकानों की रजिस्ट्रियां सरकार द्वारा कराई जाएंगी।सरकार की इन घोषणाओं और परियोजनाओं से डेयरी, कृषि, सिंचाई तथा ग्रामीण विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

