नई दिल्ली: कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने संसद में सरकार की जवाबदेही को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि संसद वह मंच है जहां सरकार को छात्रों के साथ कथित अत्याचार समेत देश से जुड़े गंभीर मुद्दों पर जवाब देना चाहिए।
प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ बल प्रयोग किया गया। उन्होंने दावा किया कि छात्रों पर पैलेट गन और आंसू गैस का इस्तेमाल किया गया, जबकि बिहार में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ AK-47 के इस्तेमाल का भी आरोप लगाया। उन्होंने सवाल उठाया कि इतने गंभीर मामलों के बावजूद सरकार की ओर से संसद में कोई स्पष्ट बयान क्यों नहीं दिया जा रहा है।
राम मंदिर चंदे को लेकर भी सरकार पर निशाना
प्रियंका गांधी ने राम मंदिर चंदे के मुद्दे को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि देशभर के साथ-साथ दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में रहने वाले लोगों ने अपनी आस्था के चलते मंदिर निर्माण के लिए योगदान दिया था। ऐसे में इस पूरे मामले को केवल ‘राज्य का मुद्दा’ बताकर सरकार अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती।
उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने श्रद्धा और विश्वास के साथ योगदान दिया, उनके सवालों का जवाब मिलना चाहिए। प्रियंका गांधी ने सरकार से संसद में इन मुद्दों पर स्पष्ट जवाब देने की मांग की।
कांग्रेस सांसद के इन बयानों के बाद छात्रों के प्रदर्शन, सरकारी कार्रवाई और राम मंदिर चंदे को लेकर राजनीतिक बहस तेज होने के आसार हैं।


